Birsa Times

नहर में डूबे युवक का 18 घंटे बाद मिला शव, एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

नहर में डूबे युवक का 18 घंटे बाद मिला शव, एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन

रिपोर्ट – विशेष संवादाता

ओबरा थाना क्षेत्र के डिहरा लख के समीप बड़ी नहर में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव करीब 18 घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। युवक की पहचान कंचन बिगहा अतरौली निवासी मोहम्मद आलम गिर के 20 वर्षीय पुत्र औरंगजेब के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे औरंगजेब अपने पांच दोस्तों इरफान, गोल्डन, छोटू, मोनू और सेराज के साथ डिहरा लख स्थित बड़ी नहर में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और गोताखोरों द्वारा देर शाम तक उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
बुधवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और विशेष सर्च अभियान चलाया। करीब नौ बजे टीम ने नहर से युवक का शव बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। इस दौरान राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार, एएसआई अनिल कुमार, रतनपुर सरपंच प्रतिनिधि संतोष कुमार शर्मा, ओबरा के पूर्व प्रमुख अनुज राम, समाजसेवी चितरंजन सिंह, संतन सिंह, सिद्धार्थ भारद्वाज तथा कंचनपुर सरपंच मनटेश भारती सहित कई लोग उपस्थित रहे।
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार एवं अंचलाधिकारी हरिहरनाथ पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया था। टीम ने तत्परता और दक्षता के साथ सर्च अभियान चलाकर युवक के शव को बरामद किया। अधिकारियों ने लोगों से नहरों एवं जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *