आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो कृष्णा गोस्वामी
देवघर : मधुपुर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी कार्यालय पर पिछले 25 दिनों से लगे अवैध ताले को प्रशासन ने बुधवार को खुलवा दिया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) राजीव कुमार के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी विनय पांडेय, अंचल अधिकारी सह दंडाधिकारी यामुन रविदास तथा इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी संतोष गुप्ता की मौजूदगी में कार्यालय का ताला तुड़वाकर परिसर को मुक्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मई को प्रदीप दास नामक युवक द्वारा कथित रूप से रेडक्रॉस सोसायटी कार्यालय में जबरन ताला जड़ दिया गया था। इसके कारण कार्यालय का नियमित कार्य पूरी तरह बाधित हो गया था और संस्था की गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए कार्यालय को पुनः खुलवाने की कार्रवाई की। एसडीओ राजीव कुमार ने इस कृत्य को नियमों एवं कानून का उल्लंघन बताते हुए संबंधित व्यक्ति प्रदीप दास के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया है।
प्रशासनिक कार्रवाई के बाद रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यालय में फिर से सामान्य रूप से कामकाज शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है।
25 दिन बाद खुला रेडक्रॉस कार्यालय, प्रशासन ने तुड़वाया अवैध ताला
