बुलडोजर से हटाए अवैध कब्जे, ठेले-खोमचे जब्त, दोबारा कब्जा करने पर होगी कार्रवाई
देवघर से दिव्य दिनकर संवाददाता प्रेम रंजन झा
देवघर: शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को सख्त अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया।
बुलडोजर से हटाए अस्थायी अतिक्रमण
अभियान के दौरान बुलडोजर की मदद से कई अस्थायी अतिक्रमणों को ध्वस्त किया गया। सड़क किनारे लगाए गए ठेले और दुकानों को भी जब्त किया गया। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण टावर चौक से शिक्षा सभा चौक तक रोजाना भारी भीड़ रहती है। कई दुकानदार सड़क और फुटपाथ तक दुकानें फैला लेते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
दोबारा कब्जा करने पर जुर्माना-कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा न करें। नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान के दौरान कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया और भविष्य में अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई।
‘अभियान जारी रहेगा’: टैक्स कलेक्टर
टैक्स कलेक्टर पिंटू कुमार ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
