आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
अजय कुमार कुशवाहा
साहिबगंज। आरपीएफ/सीआईबी मालदा की सतर्कता एवं प्रभावी कार्रवाई में ट्रेन संख्या 13404 वनांचल एक्सप्रेस में सक्रिय एक मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹30,000 मूल्य के दो चोरी/स्नैच किए गए मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बजरंगी कुमार मंडल (19 वर्ष), निवासी मिर्जापुर, शंकरपुर खवास, थाना घोघा, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
दिनांक 06.07.2026 को आरपीएफ/सीआईबी मालदा की टीम द्वारा ट्रेन में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान आरोपी को कोच संख्या A-2 में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पूछताछ के दौरान वह अपने यात्रा संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कहलगांव स्टेशन पर उतारकर विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दोनों मोबाइल फोन उसने यात्रियों से चोरी/पिकपॉकेटिंग कर हासिल किए थे। साथ ही उसने यह भी कबूल किया कि दिनांक 29.06.2026 को ट्रेन संख्या 13235 साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में घोघा स्टेशन से खुलने के तुरंत बाद एक यात्री का मोबाइल स्नैच कर चलती ट्रेन से फरार हो गया था। आरोपी की पहचान उक्त घटना से संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रसारित वीडियो से भी हुई, जिसमें उसका हुलिया एवं गतिविधियां मेल खाती पाई गईं।
बरामद मोबाइल फोन विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु आरपीएफ पोस्ट कहलगांव को सुपुर्द किया गया। इस संबंध में जीआरपीएस भागलपुर द्वारा दिनांक 07.07.2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 317(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
ट्रेन में मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार : 30 हजार रुपये के दो चोरी के मोबाइल बरामद, पूर्व की स्नैचिंग वारदात भी कबूली
