संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ।बालूमाथ प्रखंड कार्यालय में आगामी एक जून को प्रस्तावित पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण जनसुनवाई का ग्रामीणों ने विरोध करने का ऐलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से जनसुनवाई को रद्द करने की मांग करते आ रहे हैं। इस संबंध में उपायुक्त लातेहार को आवेदन भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है।ग्रामीणों ने बताया कि जनसुनवाई रद्द कराने की मांग को लेकर 25 मई 2026 को हराफू मोड़ के समीप एनएच-22 को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद बालूमाथ अंचल कार्यालय एवं थाना प्रभारी को उपायुक्त के नाम आवेदन देकर जनसुनवाई रद्द करने की मांग दोहराई गई थी। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई सूचना नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है।ग्रामीणों ने कहा कि यदि जनसुनवाई रद्द नहीं की गई तो एक जून को बालूमाथ अंचल कार्यालय परिसर में गेरेंजा,भैंसादोन,पिंडरकॉम, मारंगलोईया एवं विशनपुर समेत आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीण एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।उनका कहना है कि क्षेत्र की जल,जंगल,जमीन, नदी और पहाड़ों पर संभावित प्रभाव को लेकर लोगों में चिंता है।ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।उनका कहना है कि वास्तविक विकास वही है जिसमें पर्यावरण और प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित हो। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि जनसुनवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
