अजय कुमार कुशवाहा
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
बरहरवा: 30 अप्रैल 2026 की सुबह आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में बरहरवा और तीनपहाड़ रेलवे स्टेशनों पर असामाजिक गतिविधियों व यात्री संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए सघन छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 53030 (भागलपुर–अजीमगंज पैसेंजर) से एक 9 वर्षीय नाबालिग लड़का बरहरवा स्टेशन पर अकेले उतरता पाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह भागलपुर के एक मदरसा में पढ़ता है और अपने पिता के साथ घर लौटने आया था, लेकिन भीड़ के कारण पिता ट्रेन में नहीं चढ़ सके और वह अनजाने में अकेले ही ट्रेन में सवार हो गया।
वहीं तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर आरपीएफ कैंपिंग स्टाफ ने एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को अकेले घूमते देखा। पूछताछ में उसने बताया कि माता-पिता की डांट से नाराज होकर वह घर से भाग आई थी। परिजनों से संपर्क करने पर पता चला कि लड़की मानसिक रूप से थोड़ी अस्वस्थ है और रात से घर से लापता थी।
दोनों बच्चों ने अपना घर क्रमशः मिर्जाचौकी थाना और राजमहल थाना क्षेत्र, जिला साहेबगंज बताया।
आरपीएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नाबालिगों को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया और चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज को सूचना दी। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन/मंथन के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर बच्चों की काउंसलिंग की।
इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए दोनों बच्चों को आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया।
