आदिवासी एक्सप्रेस
सतगावां कोडरमा सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंदूदीह में शुक्रवार 8 मई रात्रि 10 बजे प्रकृति का रौद्र रुप देखने को मिला, तेज बारिश और गरज के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने एक हंसते – खेलते परिवार को पल भर में उजाड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शुक्रवार 8 मई रात 10 बजे सतगावां क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली, देखते ही देखते आंधी तूफान व मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और आसमान में बिजली कड़कने लगी, तेज गर्जना के कारण ग्रामीण डरकर अपने – अपने घरों में दुबक गए। इसी दौरान नंदूदीह गांव निवासी प्रदीप यादव के घर पर कहर टूट पड़ा।
प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी 40 वर्ष, उनका 15 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार और गावां प्रखंड के धरवे नावाडीह से आई 70 वर्षीय बुआ मुद्रिका देवी धर के एक कमरे में बैठकर बातचीत कर रही थी। तभी अचानक तेज धमाके के साथ बज्रपात हुआ और तीनों उसकी चपेट में गए , आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों के लोग भी सहम गए।
दो दिन पहले गूंजी थीं शहनाइयां
ग्रामीणों ने बताया कि प्रदीप यादव के घर में दो दिन पूर्व ही एक मांगलिक कार्यक्रम था , पूरे घर में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, रिश्तेदारों का आना जाना लगा था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि खुशियों का यह माहौल इतनी जल्द मातम में बदल जाएगा, घटना के बाद से पूरे घर में चीख पुकार मची है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रशासन और जनपतिनिध मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची, उनके साथ प्रखण्ड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी भी मौजूद थे। पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया गया। और इसी के साथ आश्वासन दिया गया कि सरकारी लाभ का प्रावधान कर मुहैया किया जाएगा।
साथ ही साथ स्थानीय जीप सदस्य प्रतिनिधि धनंजय यादव , प्रमुख प्रतिनिधि, मुखिया सदानंद यादव एवं जनप्रतिनिधि ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि सरकार की आपदा राहत कोष से मिलने वाली सभी सहायता जल्द से जल्द परिवार को दिलाई जाएगी।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, लोग बारिश मौसम में बिजली से बचाव को लेकर चर्चा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतना शक्तिशाली बज्रपात उन्होंने पहले कभी नहीं देखा, कमरे के अंदर का मंजर देखकर हर किसी की आँखें नम हो गई ।
फिलहाल सतगावां पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान पेड़ के नीचे या खुले में न रहने की अपील की है।
