आदिवासी एक्सप्रेस वसीम आलम
साहिबगंज : फेरी सेवा बंद होने से नावों पर क्षमता से अधिक सवारी, जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे लोग गंगा नदी पार करने के लिए ओवरलोड नाव में सफर करते यात्रीब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट
साहिबगंज-मनिहारी फेरी सेवा बंद होने से लोग छोटी नावों में जान जोखिम में डालकर गंगा नदी पार करने को मजबूर हैं। क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा है, जबकि नावों पर सुरक्षा उपकरणों का अभाव है। बारिश और तेज बहाव के कारण हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। साहिबगंज मनिहारी के बीच फेरी सेवा बंद होने से हजारों लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मजबूरी में लोग गंगा नदी पार करने के लिए छोटी नावों का सहारा ले रहे हैं, जिन पर क्षमता से कई गुना अधिक सवारी ढोई जा रही है। इससे हर वक्त हादसे का खतरा बना हुआ है।
जान हथेली पर रख कर सफर
स्थानीय लोगों ने बताया कि 10-12 लोगों की क्षमता वाली नावों में 30-35 यात्रियों को बैठाया जा रहा है। नावों पर लाइफ जैकेट, ट्यूब या कोई अन्य सुरक्षा उपकरण भी नहीं है। बेमौसम बरसात में गंगा का जलस्तर और बहाव दोनों तेज हैं, जिससे नाव पलटने का खतरा लगातार बना रहता है। छात्र, मरीज, बुजुर्ग और महिलाएं रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।
फेरी बंद होने से आम जनता परेशान
करीब तीन महीने से यात्री फेरी सेवा बंद है। साहिबगंज से मनिहारी, कटिहार, पूर्णिया इलाज, पढ़ाई और रोजगार के लिए जाने वाले हजारों दैनिक यात्रियों को भारी दिक्कत हो रही है। वैकल्पिक व्यवस्था न होने से लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। कई जरूरी काम भी छूट रहे हैं।
