Birsa Times

स्कूली बच्चों की सुरक्षा अब देवघर पुलिस के कंधे पर, कई स्कूलों की बसों और टेंपो की हुई सघन जांच

स्कूली बच्चों की सुरक्षा अब देवघर पुलिस के कंधे पर, कई स्कूलों की बसों और टेंपो की हुई सघन जांच

आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो/कृष्णा गोस्वामी
देवघर: स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के पालन को लेकर देवघर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार और मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित स्कूलों की बसों, वाहनों और टेंपो की सघन जांच की गई।
पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मण प्रसाद और यातायात थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से एफ.डी. पब्लिक स्कूल, संत फ्रांसिस स्कूल (जसीडीह), संत फ्रांसिस स्कूल (देवघर) तथा सिडो इंटरनेशनल स्कूल (रिखिया) के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्कूली बसों के साथ बच्चों को ले जाने वाले टेंपो और अन्य निजी वाहनों के दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को ओवरलोडिंग नहीं करने और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में बैठाना असुरक्षित है और ऐसा पाए जाने पर संबंधित चालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से भी अपील की कि बच्चों के आवागमन के लिए केवल सुरक्षित और निर्धारित मानकों वाले वाहनों का ही उपयोग सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
देवघर पुलिस ने जानकारी दी कि यह विशेष चेकिंग अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *