अजय कुमार कुशवाहा
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो साहिबगंज
बरहरवा: साहिबगंज मानव तस्करी, TOPB एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को लेकर संजीव कुमार के नेतृत्व में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर देर रात 22:40 बजे छापामारी एवं सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
अभियान में एएसआई सुरेश पासवान, एएसआई बी.एन. टुडू, कांस्टेबल अमरेश कुमार, महिला कांस्टेबल अर्पण कुमारी, महिला कांस्टेबल काजल कुमारी तथा बाल मंथन संस्थान की प्रतिनिधि आराधना मंडल शामिल थीं।
तलाशी के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से कुल 6 नाबालिग संदिग्ध अवस्था में बिना समुचित सामान के पाए गए। पूछताछ में तीन नाबालिग (2 बालिकाएं व 1 बालक) ने अपना घर थाना तालझाड़ी (साहेबगंज) बताया। उन्होंने बताया कि वे सोशल मीडिया (फेसबुक) के माध्यम से संपर्क में आकर बिना अभिभावकों को बताए घर से निकल गए थे। इनमें से एक बालिका ने बताया कि वह एक परिचित लड़के के साथ आई थी, जो आरपीएफ को देखकर मौके से फरार हो गया।वहीं अन्य तीन नाबालिग (सभी बालक) ने अपना घर थाना कोटालपोखर (साहेबगंज) बताया और कहा कि वे बिना सूचना दिए मजदूरी के लिए पटना (बिहार) जाने के उद्देश्य से स्टेशन पहुंचे थे।
सभी नाबालिगों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद सभी को बाल मंथन संस्थान, बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल के सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उनका संरक्षण, परामर्श एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
