मोहनपुर। थाना क्षेत्र के चंदना ठाढ़ी मोड़ स्थित लता ज्वेलर्स में हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने चार अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी मोहनपुर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय व्यवसायियों में नाराजगी और भय का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 8:30 बजे दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधी लता ज्वेलर्स पहुंचे। अपराधियों ने हथियार दिखाकर दुकानदार बुद्धि साह को आतंकित किया और दुकान में रखे सोना, चांदी एवं नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान अपराधियों ने दुकानदार को जान से मारने की धमकी भी दी।
दुकानदार बुद्धि साह ने मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि अपराधी करीब आधा भर सोना, लगभग ढाई किलो चांदी और 16 हजार रुपये नकद लूट ले गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी ब्लैक पल्सर समेत दो बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
लता ज्वेलर्स लूटकांड : चार अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज, अपराधियों तक पहुंचने में मोहनपुर पुलिस नाकाम
