डोरंडा, श्यामली और जगन्नाथपुर क्षेत्र में वाहनों के दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच, 93 वाहनों की हुई पड़ताल
रांची। डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर आज जिले में स्कूली वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने संयुक्त रूप से किया। अभियान के तहत डोरंडा, श्यामली और जगन्नाथपुर क्षेत्रों में स्कूल वैन और बसों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान वाहनों के कर भुगतान, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र की विस्तृत जांच की गई। इसके साथ ही यह भी देखा गया कि वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को तो नहीं बैठाया जा रहा है। कई वाहनों में नियमों के उल्लंघन की स्थिति पाई गई। कुल 93 वाहनों की जांच की गई, जिनमें नियमों का पालन नहीं करने वाले 32 वाहनों पर दो लाख चार हजार पांच सौ पचास रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं 78 वाहनों को विभिन्न मानकों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित और नियमों का पालन करने वाले वाहनों से ही विद्यालय भेजें। प्रशासन ने यह भी कहा कि इस प्रकार के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन हो।
