संवाददाता राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ थाना क्षेत्र के धाधू गांव स्थित खरटिया टोला में शनिवार की रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखे अनाज को खा गए। वहीं पांच एकड़ से अधिक भूमि में लगी धान और मक्का की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार की रात जंगली हाथियों का झुंड गांव में पहुंचा और सबसे पहले जगेश्वर उरांव एवं अमित उरांव के घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों ने घरों को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही अंदर रखे अनाज को भी चट कर दिया। इसके बाद हाथियों ने चिंतामणि देवी,काले उरांव, डेनियल तिर्की समेत कई किसानों के खेतों में लगी धान और मक्का की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया।हाथियों के उत्पात से प्रभावित किसानों को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पंचायत की मुखिया कुंवारी भगवती प्रभावित क्षेत्र में पहुंचीं और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों को विभागीय स्तर पर हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।पीड़ित परिवारों और किसानों ने वन विभाग से क्षति का तत्काल आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही जंगली हाथियों के झुंड को गांव से दूर भगाने के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की अपील किया है।ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।


