-आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
-दुकान बंद कर टोटो से घर लौट रहे नौशाद विश्वास के साथ तेतुलिया में हादसा, बाइक सवार समीर महतो भी घायल
बरहरवा : बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतुलिया के समीप शनिवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार समेत दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेतुलिया निवासी 55 वर्षीय नौशाद विश्वास, पिता अबुल विश्वास, बरहरवा बाजार में मोटर पार्ट्स की दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह टोटो से अपने घर तेतुलिया लौट रहे थे। घर के समीप टोटो से उतरने के बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से बाइक चला रहे झिकटिया निवासी 22 वर्षीय समीर महतो, पिता संतोष महतो, ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
टक्कर के बाद नौशाद विश्वास सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि पैर टूटने की भी सूचना है। वहीं, बाइक सवार समीर महतो को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनके आंख के ऊपर और सिर में चोट बताई जा रही है।
