Skip to main content

Birsa Times

वोटर लिस्ट में युवाओं को जोड़ने की कवायद तेज, घर-घर पहुंचेंगे BLO

वोटर लिस्ट में युवाओं को जोड़ने की कवायद तेज, घर-घर पहुंचेंगे BLO

रांची। झारखंड में नए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा है। इसके लिए फॉर्म-6 और घोषणा-पत्र के माध्यम से आवेदन लेने की प्रक्रिया जारी है।

15 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए 15 सितंबर 2026 तक फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन लिए जा रहे हैं। 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि माना गया है। इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

6,722 मतदान केंद्रों पर नहीं मिला फॉर्म-6

समीक्षा के दौरान सामने आया कि राज्य के 6,722 मतदान केंद्रों पर अब तक एक भी फॉर्म-6 प्राप्त नहीं हुआ है। इस स्थिति को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चिंता जताई और संबंधित जिलों में विशेष समीक्षा करने का निर्देश दिया।

आंकड़ों के मुताबिक रांची के 1,209 मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 नहीं मिला है। पलामू के 592, हजारीबाग के 572, गिरिडीह के 416 और धनबाद के 392 मतदान केंद्रों पर भी अब तक आवेदन नहीं मिला है।

कई बूथों पर आवेदन बेहद कम

ऐसे मतदान केंद्रों की भी पहचान की गई है, जहां फॉर्म-6 की संख्या बेहद कम है। धनबाद में 1,243, गिरिडीह में 1,072, रांची में 981, पलामू में 936 और हजारीबाग में 814 ऐसे मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को इन केंद्रों की विशेष निगरानी करने और पात्र युवाओं तक पहुंच बनाने का निर्देश दिया है।

घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे BLO

के. रवि कुमार ने निर्देश दिया कि BLO घर-घर जाकर नए पात्र मतदाताओं की जानकारी जुटाएं, ताकि कोई भी योग्य युवा मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए। स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को ECINET के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित करने को भी कहा गया है।

अभियान के दौरान प्राप्त फॉर्म-6 का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने और पूरी प्रक्रिया की लगातार समीक्षा करने का निर्देश जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को दिया गया है।

प्रशासन का उद्देश्य निर्धारित समय सीमा के भीतर अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में जोड़ना है, ताकि कोई भी योग्य नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *