आदिवासी एक्सप्रेस/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार – पलामू। जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के मुनकेरी गांव के परवाटांड़ टोला में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी। आहर में नहाने गए दो सगे भाई-बहन की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सना परवीन (10) और मो. अवैस रजा (9), पिता रहमत अली, निवासी मुनकेरी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि सुबह करीब 10 बजे रहमत अली परवाटांड़ में अपने खेत में धान की रोपनी कर रहे थे। दोनों बच्चे भी पिता के साथ खेत पर आए थे। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों पास के बड़े आहर में नहाने चले गए। आहर में इस बार बारिश के कारण पानी अधिक भरा हुआ था और किनारे पर काफी फिसलन थी।
नहाते समय अचानक दोनों का पैर फिसला और वे गहराई में चले गए। दोनों को तैरना नहीं आता था। कुछ देर तक पानी में हाथ-पैर मारने के बाद दोनों शांत हो गए।
उधर खेत में काम कर रहे कुछ मजदूरों की नजर पड़ी तो उन्होंने “बच्चा डूब रहा है” कहकर हल्ला किया। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण आहर के पास जमा हो गए। ग्रामीणों ने बिना देर किए आहर में छलांग लगा दी और दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने उठाई मांग – ग्रामीणों का कहना है कि यह आहर वर्षों पुराना है और काफी गहरा है। इसके चारों ओर न तो घेराबंदी है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड। प्रशासन को चाहिए कि सभी खतरनाक आहरों की घेराबंदी करे ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो सके।
