आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो अजय कुमार कुशवाहा
कोटालपोखर थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव में तालाब में मछली मारने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
जानकारी के अनुसार, 30 जून 2026 को तालाब में मछली मारने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान मारपीट की घटना हुई, जिसका वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद कोटलपोखर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस को मारपीट की घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए, जिसके आधार पर दोनों पक्षों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में हुए विवाद को लेकर स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा वायरल वीडियो समेत घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।तालाब में मछली मारने जैसे मामूली विवाद से शुरू हुई घटना के दौरान हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
