Skip to main content

Birsa Times

वक्त के साथ न बदलने का नतीजा भुगत रहा HEC, युवाओं को मिलेगी AI ट्रेनिंग: हेमंत सोरेन

वक्त के साथ न बदलने का नतीजा भुगत रहा HEC, युवाओं को मिलेगी AI ट्रेनिंग: हेमंत सोरेन

एचईसी की बदहाली का उदाहरण देकर मुख्यमंत्री ने युवाओं को किया आगाह, 3,044 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र; आईआईटी मद्रास और टीवीएस के साथ एआई प्रशिक्षण के लिए हुआ समझौता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में केवल डिग्री हासिल करना रोजगार की गारंटी नहीं है। युवाओं को पढ़ाई के साथ तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल भी विकसित करना होगा। समय और तकनीक के साथ खुद को अपडेट नहीं करने वाले लोग और संस्थान पीछे छूट जाएंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह में बोल रहे थे।

एचईसी की स्थिति से युवाओं को लेना चाहिए सबक

मुख्यमंत्री ने रांची स्थित भारी इंजीनियरिंग निगम (एचईसी) का उदाहरण देते हुए कहा कि कभी देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला यह संस्थान आज गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। समय के साथ तकनीक और कार्यप्रणाली में बदलाव नहीं करने का असर संस्थानों पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर रोजगार का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऑस्ट्रेलिया की एक कंपनी में पिछले दो-तीन महीनों के दौरान करीब 400 कर्मचारियों की छंटनी हुई। इनमें 15 से 18 वर्षों का अनुभव रखने वाले कर्मचारी भी शामिल थे। इससे स्पष्ट है कि केवल अनुभव पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगातार नई तकनीक सीखना भी जरूरी है।

3,044 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री ने कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच रोजगार पाने वाले 3,044 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें करीब 500 युवाओं को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में नौकरी मिली है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक एक लाख से अधिक हुनरमंद युवाओं को रोजगार से जोड़ चुकी है। नवंबर और दिसंबर में करीब 1,500 अन्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

आईआईटी मद्रास और टीवीएस के साथ एआई प्रशिक्षण का समझौता

कार्यक्रम के दौरान झारखंड के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने के लिए आईआईटी मद्रास और टीवीएस के साथ दो समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि वे खुद को नई तकनीक के अनुरूप तैयार करें। उन्होंने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा एक कदम आगे बढ़ेंगे, तो सरकार उन्हें 10 कदम आगे ले जाने का प्रयास करेगी।

दुमका में पायलट ट्रेनिंग, पुरुषों के लिए भी नर्सिंग प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुमका में 15 चयनित बच्चों को पायलट प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनकी ट्रेनिंग का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। आने वाले समय में एयरहोस्टेस प्रशिक्षण भी शुरू करने की योजना है।

वहीं, स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए पुरुषों के लिए भी नर्सिंग प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा ने दुमका में पुरुष नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने की तैयारी की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कौशल प्रशिक्षण का बेहतर मॉडल तैयार करने पर भी जोर दिया।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *