सुस्मित तिवारी
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो, पाकुड़
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। आरोप है कि मुंबई से लौटे एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी और सास पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
पति-पत्नी के विवाद के बाद खूनी वारदात
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मेंजा बेवा और उनकी 21 वर्षीय बेटी गुलचेहरा बीवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य आरोपी गुलचेहरा का पति एब्रास अंसारी बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, करीब आठ वर्ष पहले गुलचेहरा की शादी बिचामहल गांव निवासी एब्रास अंसारी से हुई थी। शादी के बाद से एब्रास घर जमाई के रूप में ससुराल में रह रहा था। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं।
बताया गया कि एब्रास मुंबई की एक बिस्कुट फैक्ट्री में काम करता था और बुधवार शाम ही घर लौटा था। रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह पत्नी और छोटे बच्चे के साथ कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।

चाकू से हमला करने का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एब्रास अंसारी ने चाकू से पत्नी गुलचेहरा पर हमला कर दिया। बेटी की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंची उसकी मां मेंजा बेवा पर भी आरोपी ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के प्रमुख बिंदु :
- पत्नी और सास की हत्या का आरोप।
- वारदात में चाकू के इस्तेमाल की बात सामने आई।
- घटना के बाद आरोपी मौके से फरार।
- आरोपी पर पत्नी के जरूरी दस्तावेज लेकर जाने का भी आरोप।
- पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मासूम बेटी ने पड़ोसियों को दी जानकारी
घटना के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि छह वर्षीय बेटी किसी तरह देर रात पड़ोसी के घर पहुंची और रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस देर रात घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और हत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
आरोपी की तलाश में छापेमारी
लिट्टीपाड़ा पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस घरेलू विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
एक ही परिवार की दो महिलाओं की हत्या से झेनागड़िया गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, मासूम बच्चों के सिर से मां और नानी का साया उठ जाने से ग्रामीण भी गमगीन हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

