Skip to main content

Birsa Times

लिट्टीपाड़ा में नकली विदेशी शराब का खुलासा, एक गिरफ्तार; भारी मात्रा में सामग्री जब्त

लिट्टीपाड़ा में नकली विदेशी शराब का खुलासा, एक गिरफ्तार; भारी मात्रा में सामग्री जब्त

सुस्मित तिवारी
आदिवासी एक्सप्रेस ब्यूरो, पाकुड़

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव में पुलिस ने कथित तौर पर अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार कर उसकी खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब बनाने और बोतल तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री भी जब्त की है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि करणघाटी गांव में जितेन साहा और तारेश साहा अपने घर के पीछे बनी झोपड़ी में अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार कर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।

टीम ने दोनों आरोपियों के घर और पीछे स्थित झोपड़ी में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और स्प्रिट बरामद हुई।

छापेमारी में ये सामान बरामद

  • रॉयल स्टेग के स्टीकर लगी 180 एमएल की 100 खाली कांच की बोतलें
  • 375 एमएल की 40 खाली कांच की बोतलें
  • रॉयल स्टेग के 375 एमएल के स्टीकर का एक बंडल
  • रॉयल स्टेग के 750 एमएल के 30 पैकेट/सेट, प्रत्येक में 9 स्टीकर।
  • रॉयल स्टेग के 180 एमएल के तीन बंडल स्टीकर
  • बोतलों के ढक्कन पर लगाने वाले सील स्टीकर के 30 पैकेट, प्रत्येक में 24 सील स्टीकर।
  • रॉयल स्टेग नाम वाली 180 एमएल की 20 भरी हुई बोतलें
  • रॉयल स्टेग लिखे 150 प्लास्टिक ढक्कन
  • करीब 20 लीटर स्प्रिट से भरा एक नीले रंग का प्लास्टिक जार

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तारेश साहा, पिता स्व. लेगड़ा साहा, निवासी करणघाटी को गिरफ्तार किया। मामले में फरार बताए जा रहे जितेन साहा, पिता तारेश साहा, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 44/26, दिनांक 05 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 274/275 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a)(b)(d) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

छापेमारी टीम में लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी पु.अ.नि. विवेक कुमार, सिमलौंग ओपी प्रभारी पु.अ.नि. बलवंत दुबे, पु.अ.नि. अनिल कुमार पंडित, सअनि विपिन कुमार, सअनि अशोक प्रसाद यादव और लिट्टीपाड़ा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *