Skip to main content

Birsa Times

डायन-बिसाही के संदेह में विवाद ने लिया खूनी रूप, एक की मौत; पांच गिरफ्तार

डायन-बिसाही के संदेह में विवाद ने लिया खूनी रूप, एक की मौत; पांच गिरफ्तार

उंटारी रोड के मुरमा कला में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, टांगी और लाठी से हमला; पुलिस ने हथियार किए बरामद

आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता / मोहम्मद शमीम
उंटारी रोड, पलामू। उंटारी रोड थाना क्षेत्र के मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला में डायन-बिसाही के संदेह को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल खून लगी टांगी और बांस की लाठी भी बरामद कर जब्त की है।

बेटी की मौत के बाद शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, प्रभु रजवार (48) की आठ वर्षीय बेटी की मौत 2 अगस्त 2026 को हुई थी। इसके बाद प्रभु रजवार एक भगत के पास देवास कराने गया था। आरोप है कि वहां पड़ोसी ललिता देवी और मृतक चनका रजवार की पत्नी दुर्गा देवी पर डायन-बिसाही करने तथा बच्ची की मौत के लिए जिम्मेदार होने की बात कही गई।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।

टांगी और लाठी से हमला

पुलिस जांच के मुताबिक, मारपीट के दौरान प्रभु रजवार और उसके परिवार के सदस्यों ने टांगी, फरसा और लाठी से चनका रजवार पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण चनका रजवार की मौत हो गई। घटना में उसके परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दूसरे पक्ष की ओर से भी मामूली मारपीट की गई।

मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

  • घटना की सूचना 5 अगस्त 2026 को पुलिस को मिली।
  • पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
  • नंदु रजवार के बयान पर उंटारी रोड थाना कांड संख्या 43/2026 दर्ज किया गया।
  • आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया।
  • पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया।
  • घटना में प्रयुक्त खून लगी टांगी और बांस की लाठी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रभु रजवार, पिता सीताराम रजवार
  2. झुबली देवी, पति प्रभु रजवार
  3. गुड्डन रजवार, पिता शम्भु रजवार
  4. विमलेश रजवार, पिता प्रभु रजवार
  5. सीता राम रजवार, पिता स्व. केसर रजवार

सभी आरोपी मुरमा कला गांव के लकड़ही टोला, थाना उंटारी रोड, जिला पलामू के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम में पाण्डू अंचल के पुलिस निरीक्षक, कैंप रेहला, उंटारी रोड थाना प्रभारी पु.अ.नि. संतोष गिरि, पु.अ.नि. राजवर्धन तथा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *