चित्तौड़गढ़। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के निंबाहेड़ा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची अष्टधातु प्रतिमा के अनावरण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के कारण वंदे मातरम को भुला दिया।
शाह ने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से इस गीत को फिर से सम्मान दिलाने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम के गान के दौरान कथित तौर पर इसे रोके जाने की घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि देश की जनता वंदे मातरम के अपमान को स्वीकार नहीं करेगी और कांग्रेस को इसके लिए देश की जनता तथा बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की आत्मा से माफी मांगनी चाहिए।
मेवाड़ की वीर भूमि को किया नमन
केंद्रीय गृह मंत्री ने महाराणा प्रताप, वीर पूंजा भील और सेठ भामाशाह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मेवाड़ की धरती देशभक्तों के लिए तीर्थस्थल के समान है। उन्होंने कहा कि इन वीरों की राष्ट्रभक्ति, धर्म के प्रति आस्था और स्वराज के संकल्प ने मुगल साम्राज्य के विस्तार को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजस्थान में जल योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
राज्य में जल संकट का उल्लेख करते हुए शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत राजस्थान में पिछले आठ वर्षों में नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था का बड़े स्तर पर विस्तार हुआ है। उनके अनुसार पहले करीब 11 लाख घरों तक ही नल का पानी पहुंचता था, जबकि अब यह संख्या बढ़कर करीब 64 लाख घरों तक हो गई है।
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया
अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन को राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने पोकरण परमाणु परीक्षण, ग्रामीण सड़कों के विस्तार और स्वर्ण चतुर्भुज योजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए।
शाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय कार्य मंत्रालय के गठन की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू का देश की राष्ट्रपति के पद पर पहुंचना इसी दिशा में हुए प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी वाजपेयी को किया याद
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी को देश का महान नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी क्षमता प्रदर्शित की और कारगिल युद्ध में विजय हासिल की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों से भारत की सुरक्षा क्षमता और मजबूत हुई है।
उन्होंने अमित शाह के सार्वजनिक जीवन की भी सराहना की और धारा 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा नए आपराधिक कानूनों के लागू होने में उनकी भूमिका का उल्लेख किया।
5,659 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में चित्तौड़गढ़ समेत राजस्थान के 15 जिलों में करीब 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाली 944 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही 1,500 गांवों को जल जीवन मिशन के तहत नल से जल सुविधा की सौगात दी गई।
इससे पहले शाह ने सहकारिता विभाग और जिला प्रशासन की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
चार हजार किलो अष्टधातु से बनी है वाजपेयी की प्रतिमा
निंबाहेड़ा के जेके सर्किल स्थित मिनी अटल स्मारक में स्थापित वाजपेयी की प्रतिमा करीब चार हजार किलोग्राम अष्टधातु से तैयार की गई है। 21 फीट ऊंची प्रतिमा को आठ फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया गया है। प्रतिमा का निर्माण जयपुर के कारीगरों ने किया है।
स्मारक परिसर में दो अन्य प्लेटफॉर्म भी बनाए गए हैं। इनमें एक पर वाजपेयी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में हुए पोकरण परमाणु परीक्षण की झलक और दूसरे पर उनके विभिन्न अवसरों पर भाषण देते हुए चित्रण को प्रदर्शित किया गया है।
