Skip to main content

Birsa Times

मयूरकोला की पत्थर खदान में हादसे से मचा हड़कंप, खनन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; आसपास की जमीन पर भी खुदाई का आरोप

मयूरकोला की पत्थर खदान में हादसे से मचा हड़कंप, खनन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; आसपास की जमीन पर भी खुदाई का आरोप

-अजय कुमार कुशवाहा ब्यूरो
बरहरवा।
साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत मयूरकोला के पास स्थित एक पत्थर खदान में दुर्घटना का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना से संबंधित वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद खदान में संचालित खनन कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के अनुपालन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान में भारी मशीनों के माध्यम से पत्थर निकालने और जमीन की खुदाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान दुर्घटना होने की सूचना मिली है। सामने आए वीडियो में खुदाई स्थल पर भारी मशीनें और आसपास कुछ लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। वहीं, घटनास्थल पर मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थरों का ढेर भी नजर आ रहा है। घटना के बाद खनन स्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इधर, स्थानीय सूत्रों के अनुसार, संबंधित खदान क्षेत्र के अलावा आसपास की कुछ अन्य जमीनों पर भी खुदाई कर पत्थर निकाले जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यदि ऐसा हो रहा है तो यह जांच का विषय है कि खनन निर्धारित लीज क्षेत्र के भीतर किया जा रहा है या लीज क्षेत्र से बाहर जाकर भी जमीन की खुदाई की जा रही है।

मौके पर लगे सूचना पट्ट के अनुसार, उक्त खनन स्थल का संबंध मेसर्स गुरु स्टोन वर्क्स से बताया गया है। सूचना पट्ट पर प्रोपराइटर के रूप में अमरजीत सिंह का नाम दर्ज है। साथ ही मौजा प्रतापपाड़ा एवं फतेहपुर, डाकघर मयूरकोला, थाना कोटालपोखर और जिला साहिबगंज का उल्लेख किया गया है।

घटना के बाद कई अहम सवाल सामने आ रहे हैं। क्या खदान में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था? क्या खनन कार्य स्वीकृत क्षेत्र तक ही सीमित है? आसपास की अन्य जमीनों पर कथित खुदाई के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई है या नहीं? इसके अलावा खदान में भारी मशीनों के संचालन और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर विभागीय निगरानी कितनी प्रभावी है?

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, खनन क्षेत्र की मापी कराने तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि निर्धारित लीज क्षेत्र से बाहर या नियमों के विरुद्ध खनन किया जा रहा है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल दुर्घटना में किसी के हताहत होने, घटना के वास्तविक कारण और लीज क्षेत्र से बाहर कथित खुदाई किए जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में खनन विभाग एवं जिला प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *