Skip to main content

Birsa Times

चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध यूएसए मेड पिस्टल के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध यूएसए मेड पिस्टल के साथ शातिर अपराधी गिरफ्तार

-जीजा-साला मिलकर बड़े कारोबारियों को बनाने वाले थे निशाना
-आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा :
जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान कुंदा थाना क्षेत्र के मांझीपाड़ा गांव निवासी दशरथ कुमार भारती के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से मेड इन यूएसए No-11 लिखा एक अवैध पिस्टल, 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस, दो मिस फायर गोली और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी अपने साले के साथ मिलकर इलाके के बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय चतरा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर कुंदा थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना का सत्यापन करते हुए इलाके में सघन छापामारी अभियान चलाया। इसी दौरान कुंदा थाना क्षेत्र के पिंजनी गांव स्थित पड़रियाबर टोला के तीन मोहान के पास पुलिस बल को देखकर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कमर में बेल्ट के साथ खोसा हुआ 9 एमएम का एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से दो मिस फायर गोली और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। बरामद पिस्टल पर मेड इन यूएसए No-11 लिखा हुआ है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती से पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए। उसने पुलिस को बताया कि उसके साले ने इलाके में सक्रिय बड़े कारोबारियों को निशाना बनाने के उद्देश्य से उसे अवैध हथियार उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके साले विक्रम कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। विक्रम कुमार कुंदा थाना क्षेत्र के एकता गांव के मरगड़ा टोला का निवासी है।पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जीजा-साला मिलकर कुंदा थाना क्षेत्र में सक्रिय बड़े स्वर्ण कारोबारियों और अन्य बड़े व्यवसायियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। उनका उद्देश्य किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाना था। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी योजना पर पानी फेर दिया। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने यह भी बताया कि गिरफ्तार दशरथ कुमार भारती का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध कुंदा थाना में पहले से ही एक अन्य आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक श्रीकांत पांडेय, एएसआई अशोक कुमार मंडल, नागेश्वर पंडित सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *