Skip to main content

Birsa Times

संताल आदिवासी बेटियों को भी पैतृक संपत्ति में मिलेगा अधिकार, झारखंड हाईकोर्ट का अहम फैसला

संताल आदिवासी बेटियों को भी पैतृक संपत्ति में मिलेगा अधिकार, झारखंड हाईकोर्ट का अहम फैसला

रांची: झारखंड हाईकोर्ट ने संताल आदिवासी समाज की बेटियों के पैतृक संपत्ति में उत्तराधिकार के अधिकार को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि केवल परंपरा का हवाला देकर बेटियों को उनके पिता की पैतृक संपत्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। यदि कोई पक्ष ऐसी परंपरा का दावा करता है, तो उसे ठोस साक्ष्यों के आधार पर साबित करना होगा कि यह प्रथा प्राचीन, निश्चित, उचित और लगातार प्रचलित रही है।

मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ ने जामताड़ा जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र के तुरका गांव से जुड़े करीब 41 साल पुराने जमीन विवाद में यह फैसला सुनाया। अदालत ने प्रतिवादियों की अपील खारिज करते हुए वर्ष 2006 में प्रथम अपीलीय अदालत द्वारा महिला के पक्ष में दिए गए फैसले को बरकरार रखा।

क्या है पूरा मामला?

मामला वर्ष 1985 में शुरू हुआ था। तुरका गांव की एक संताल महिला ने अपने पिता की पैतृक संपत्ति पर मालिकाना हक को लेकर दीवानी मुकदमा दायर किया था। पांच अक्टूबर 1996 को निचली अदालत ने महिला को विवादित संपत्ति में एक-तिहाई हिस्से का अधिकार दिया था।

महिला ने इस फैसले को चुनौती देते हुए अपील की। इसके बाद चार मार्च 2006 को प्रथम अपीलीय अदालत ने फैसला सुनाते हुए महिला को पूरी विवादित संपत्ति का मालिकाना हक प्रदान कर दिया। इस फैसले को सनातन हेंब्रम और अन्य प्रतिवादियों ने झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

घरजमाई प्रथा को लेकर दी गई थी दलील

हाईकोर्ट में अपीलकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि संताल समाज की परंपरा के अनुसार बेटियों को सामान्य तौर पर पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं मिलता है। बेटी को संपत्ति का अधिकार तभी मिल सकता है, जब उसका विवाह घरजमाई प्रथा के तहत हुआ हो।

हालांकि, अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। खंडपीठ ने कहा कि किसी कथित सामाजिक परंपरा के आधार पर महिलाओं को संपत्ति के अधिकार से वंचित करने के लिए पर्याप्त और विश्वसनीय साक्ष्य प्रस्तुत करना जरूरी है।

13 गवाहों और राजस्व दस्तावेजों को माना अहम

मामले में महिला पक्ष की ओर से 13 गवाहों के बयान और राजस्व दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। इन साक्ष्यों से यह स्थापित करने का प्रयास किया गया कि संताल समाज में बेटियों को पैतृक संपत्ति से वंचित करने वाली कोई सर्वमान्य और बाध्यकारी परंपरा नहीं है।

अदालत ने माना कि प्रतिवादी कथित परंपरा के अस्तित्व और उसके निरंतर पालन को साबित करने में विफल रहे। इसके बाद हाईकोर्ट ने अपील खारिज करते हुए महिला के पक्ष में पहले दिए गए फैसले को बरकरार रखा।

इस फैसले से संताल समाज में बेटियों के पैतृक संपत्ति संबंधी अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट हुई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *