रिपोर्ट: अविनाश मंडल
पाकुड़: पाकुड़ नगर परिषद के वार्ड संख्या-17 स्थित आदर्श नगर में हनुमान मंदिर से कल्वर्ट तक पीसीसी नाली सह आरसीसी ड्रेन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है और कई जगह स्लैब क्षतिग्रस्त व असुरक्षित स्थिति में नजर आ रही हैं।
शिलापट्ट पर दर्ज विवरण और निर्माण की स्थिति
योजना के शिलापट्ट पर अंकित जानकारी के अनुसार, यह कार्य योजना संख्या 46/2026-27 के अंतर्गत नगर विकास एवं आवास विभाग के मद से कराया जा रहा है। शिलापट्ट पर प्राक्कलन राशि ₹24,79,777, एकरारनामा राशि ₹18,53,433 और संवेदक का नाम ‘गोलम अहमद’ दर्ज है। वहीं, 10 अक्टूबर 2026 को हुए शिलान्यास कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद आलमगीर अंसारी, स्थानीय विधायक निशात आलम और सांसद विजय हांसदा की उपस्थिति का उल्लेख किया गया है।
टूटी स्लैब, गैप और सरिया निकलने से हादसे की आशंका
स्थानीय स्तर पर सामने आई स्थिति के मुताबिक, नाली के ऊपर रखी गई कई स्लैब बीच से चिटकी हुई हैं और कुछ स्थानों पर किनारा टूटने से सरिया बाहर निकला हुआ दिखाई दे रहा है। स्लैबों के बीच खाली जगह होने के कारण राहगीरों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के पैर फंसने का खतरा बना हुआ है। एक स्थान पर टूटी स्लैब के ऊपर लकड़ी का पटरा रखकर अस्थायी व्यवस्था की गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो बारिश के दिनों में नाली धंसने की आशंका बढ़ सकती है।
निरीक्षण और जांच की मांग
क्षेत्र के लोगों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, तकनीकी निरीक्षण और मेजरमेंट बुक के मिलान को लेकर संबंधित विभाग व अधिकारियों से जांच की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि योजना से जुड़े दस्तावेज, बिल-वाउचर और सामग्री की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए तथा खामियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
