Skip to main content

Birsa Times

मुंगेर में पिस्तौल की नोक पर युवक से बाइक, मोबाइल और 21 हजार रुपये की लूट, अपहरण का प्रयास

मुंगेर में पिस्तौल की नोक पर युवक से बाइक, मोबाइल और 21 हजार रुपये की लूट, अपहरण का प्रयास

-मारपीट कर पहाड़ी जंगल की ओर ले जा रहे थे अपराधी
-ग्रामीणों की सतर्कता से बचा गुलशन,अपराधियों की अपाची बाइक जब्त
रंजीत विद्यार्थी
ब्यूरो चीफ, मुंगेर
: जिलें के धरहरा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी यशवंत कुमार तांती के पुत्र गुलशन कुमार के साथ मंगलवार की शाम हथियार के बल पर लूटपाट और मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ अज्ञात अपराधियों ने गुलशन को पिस्तौल दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और मजदूरों को एडवांस देने के लिए रखे गए 21 हजार रुपये छीन लिया। इसके बाद अपराधियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे अपने साथ घटवारी के रास्ते पहाड़ी जंगल की ओर ले जाने लगे। हालांकि, घटवारी गांव के स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता के कारण अपराधियों की मंशा पूरी नहीं हो सकी। ग्रामीणों को संदिग्ध गतिविधियों का आभास होने पर उन्होंने अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अपराधी घायल गुलशन को रास्ते में ही छोड़कर भाग निकले। पीड़ित गुलशन कुमार ने बताया कि वह ईट भट्ठा पर मजदूर भेजने का काम करता है। मंगलवार की शाम करीब चार बजे वह मजदूरों को एडवांस राशि देने के लिए 21 हजार रुपये लेकर लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के मनकोठिया-सराधी गांव की ओर गया था। इसी दौरान मनकोठिया के समीप कुछ अज्ञात अपराधियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी छीन ली तथा उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, मारपीट के बाद वह कुछ समय के लिए अचेत हो गया। होश आने पर उसने शोर मचाना शुरू किया। इस बीच स्थानीय लोगों और युवकों को घटना की जानकारी मिली और उन्होंने अपराधियों का पीछा करने तथा उनकी बाइक रोकने का प्रयास किया। बताया जाता है कि अपराधी गुलशन की मोटरसाइकिल लेकर भागने में सफल रहे, लेकिन जिस अपाचे मोटरसाइकिल से अपराधी आए थे, उसे स्थानीय युवकों ने रोक लिया। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख अपराधी अपाची बाइक सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अपराधियों द्वारा छोड़ी गई अपाचे मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना ले गई। वहीं, घायल गुलशन कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरहरा में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है। इस संबंध में लड़ैयाटांड़ थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश रंजन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। एक अपाची मोटरसाइकिल को जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ग्रामीण युवकों ने अपराधियों की गतिविधियों को नहीं भांपा होता, तो घायल युवक के साथ कोई बड़ी वारदात हो सकती थी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *