आदिवासी एक्सप्रेस संवाददाता
छतरपुर,पलामू। छतरपुर प्रखंड अंतर्गत नौडीहा पंचायत के नौडीहा गांव स्थित चौधरी टोला में लगातार हो रही बारिश के कारण गरीब परिवार की झोपड़ीनुमा कच्ची मकान गिर गई। घर गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित रमेश चौधरी ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से आवास योजना का लाभ दिलाने तथा तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
बताया जाता है कि रमेश चौधरी की झोपड़ीनुमा घर में पति-पत्नी समेत दो परिवार के सदस्य रहते हैं। उनके कोई बच्चे नहीं हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार किसी तरह मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। इसी बीच लगातार बारिश के कारण उनका आशियाना भी ढह गया, जिससे अब परिवार के सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
पीड़ित रमेश चौधरी ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले आवास योजना का लाभ लेने के लिए मुखिया के पास आवेदन दिया था। उस समय आवास मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन लंबे समय के बाद भी आवास का लाभ नहीं मिल सका। परिवार लगातार आवास मिलने की आस लगाए रहा और इसी दौरान बारिश ने उनकी झोपड़ी को भी नहीं छोड़ा।
रमेश चौधरी ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति काफी कमजोर है। किसी तरह मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। वहीं, परिवार में एक सदस्य पिछले करीब एक वर्ष से बीमारी से जूझ रहा है, जिससे आर्थिक परेशानी और बढ़ गई है। ऐसे में खुद के खर्च से पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं है।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि “डेढ़ साल से आवास मिलने का इंतजार कर रहे थे। आवास की आस देखते-देखते झोपड़ी ही गिर गई। अब हम लोग कहां रहें, यही चिंता सता रही है।”
मुखिया ने कहा—आवेदन मिलने पर हरसंभव मदद करेंगे
इस संबंध में नौडीहा पंचायत के मुखिया हरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की मौखिक रूप से जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि “अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले को देखकर आगे हरसंभव मदद की जाएगी।”
घर गिरने के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले का स्थल निरीक्षण कराकर जल्द से जल्द आवास योजना का लाभ देने और तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की स्थिति को देखते हुए प्रशासन से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

