बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को लातेहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राम की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों,जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपनी समस्याएं सीधे विधायक और संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं।जनता दरबार में क्षेत्र की कई ज्वलंत समस्याएं सामने आईं,जिनमें बालूमाथ बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के आवागमन पर समयबद्ध नो-इंट्री लागू करने तथा बायपास सड़क निर्माण की मांग प्रमुख रही। ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बाजार क्षेत्र से भारी वाहनों के गुजरने के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है। लोगों ने दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की और साथ ही साथ बाईपास सड़क बनवाने का मांग भी किया।इस पर विधायक प्रकाश राम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वे संबंधित पदाधिकारी से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे,ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।जनता दरबार में जमीन से जुड़े मामलों की भी सुनवाई हुई। कई ग्रामीणों ने भूमि विवाद,नामांतरण एवं मालगुजारी से संबंधित समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने अंचल अधिकारी को मामलों की जांच कर शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।वहीं पकरी निवासी वृद्ध जगन्नाथ परहिया ने कम राशन मिलने की शिकायत की। इस पर विधायक ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को मामले में त्वरित जांच कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव,अंचल अधिकारी बालेश्वर राम,संजीव कुमार सिन्हा,कृष्ण यादव,शैलेश सिंह,सुनील पांडेय,संजय यादव,दिनेश सिंह,शशि उरॉव, वकील उरॉव,अनवर अंसारी,दिवाकर साहू,मो. जुनैद,मो.रईस,अतीक अंसारी, सहित प्रखंड और अंचल के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही कई आवेदनों का निष्पादन किया,जबकि शेष मामलों का समयबद्ध समाधान करने का आश्वासन दिया।
विधायक प्रकाश राम का जनता दरबार,भारी वाहनों पर नो-इंट्री और बायपास सड़क बनाने की उठी मांग।
- May 12, 2026
0
116
Less than a minute
You can share this post!
administrator
