Skip to main content

Birsa Times

रांची के इंद्रपुरी में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार

रांची के इंद्रपुरी में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी में शुक्रवार की सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से जमशेदपुर की रहने वाली थी। करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी रांची के इंद्रपुरी निवासी एक परिवार में हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

मौत से एक दिन पहले हुआ था विवाद

मृतका के मायके वालों के मुताबिक, विवाहिता ने अपनी मौत से पहले फोन पर परिजनों को ससुराल में हो रही प्रताड़ना और दहेज की मांग के बारे में जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी दहेज को लेकर ससुराल पक्ष के साथ उसका विवाद हुआ था।

इसके अगले दिन शुक्रवार की सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर सुखदेवनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता को सदर अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मायके वालों ने दर्ज कराई प्राथमिकी

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले रांची पहुंचे। उन्होंने सुखदेवनगर थाना में ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हो सकेगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *