आदिवासी एक्सप्रेस/पप्पू यादव
नौडीहा बाजार,(पलामू): पलामू पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक आइसर ट्रक और एक टेंपो समेत दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। बरामद गांजे का बाजार मूल्य करीब 2.20 दो करोड़ बीस लाख रुपये लगभग बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 की रात नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम महुरांव में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी एवं भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने महुरांव चौक के समीप कार्रवाई करते हुए जमशेद आलम (25) और अली रजा (19), दोनों पिता रमजान अंसारी, ग्राम महुरांव, थाना नौडीहा बाजार को आइसर ट्रक संख्या OD14AB 1072 और टेंपो संख्या BR26PB 2661 से अवैध गांजा उतारते हुए पकड़ा। इसके बाद वाहनों एवं परिसर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच छिपाकर तथा 16 प्लास्टिक के बोरों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर रखा करीब 443 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने DD Kit से जांच कर मादक पदार्थ होने की पुष्टि की। पुलिस ने गांजे के साथ दोनों वाहनों तथा ओप्पो और नथिंग कंपनी के एक-एक मोबाइल फोन को भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अवैध गांजा तस्करी का नेटवर्क पलामू, बिहार के औरंगाबाद और उड़ीसा तक फैले होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापामारी दल में एसडीपीओ छतरपुर प्रशांत कुमार, छतरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पलामू पुलिस ने कहा है कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों एवं पूरे नेटवर्क के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
