Skip to main content

Birsa Times

कोडरमा में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त, वाहन चालक गिरफ्तार

कोडरमा में अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप जब्त, वाहन चालक गिरफ्तार

सतगावां (कोडरमा)। कोडरमा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतगावां थाना पुलिस को कार्रवाई में सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर महिंद्रा XUV500 वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,13,850 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार 18 नवंबर 2026 की रात सूचना मिली थी कि महिंद्रा XUV500 (रजिस्ट्रेशन नंबर JH10AH0063) में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर सतगावां के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सतगावां थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

सरबहना रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ी गई शराब

विशेष टीम ने सतगावां थाना क्षेत्र के सरबहना से बिहार जाने वाले रास्ते पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सफेद रंग की महिंद्रा XUV500 तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी को दाएं-बाएं भगाकर निकलने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रास्ता अवरुद्ध कर वाहन को रोक लिया। इसके बाद तलाशी लेने पर गाड़ी से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

167.4 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, वाहन से ऑफिसर च्वाइस 180 एमएल की 630 बोतल और रॉयल स्टैग 750 एमएल की 72 बोतल बरामद की गई। कुल शराब की मात्रा 167.4 लीटर बताई गई है। इसकी अनुमानित कीमत 1,13,850 रुपये आंकी गई है।

समस्तीपुर का रहने वाला है गिरफ्तार चालक

गिरफ्तार वाहन चालक की पहचान शिवकुमार राय के रूप में हुई है। वह बिहार के समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वह शराब के परिवहन से संबंधित कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही शराब से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया।

पुलिस ने महिंद्रा XUV500 वाहन और उसमें लदी शराब को जब्त कर लिया है। इस संबंध में सतगावां थाना कांड संख्या 88/26, दिनांक 18 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 274/275/3(5) और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी

छापेमारी दल में सतगावां थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक बब्लू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विशाल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक शरण टोपनो और सतगावां थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *