गुवाहाटी। पूर्वोत्तर भारत के रेलवे नेटवर्क के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (Northeast Frontier Railway-NFR) ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी सक्रिय रेलखंडों का विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। इसके साथ ही NFR के अंतर्गत कुल 4,311.96 रूट किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण हो चुका है। रेलवे ने यह लक्ष्य 10 साल से भी कम समय में हासिल किया है।
NFR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2014 से पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेलवे का विद्युतीकरण नहीं हुआ था। इस दिशा में काम वर्ष 2017-18 में शुरू किया गया। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग रेलखंडों पर विद्युतीकरण का काम आगे बढ़ाया गया।
असम में सबसे अधिक रेलमार्ग का विद्युतीकरण
NFR के आंकड़ों के अनुसार, उसके अधिकार क्षेत्र में अब तक कुल 4,311.96 रूट किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण किया गया है। इसमें असम सबसे आगे है। राज्यवार आंकड़े इस प्रकार हैं:
- असम: 2,546.04 रूट किलोमीटर
- पश्चिम बंगाल: 987.51 रूट किलोमीटर
- बिहार: 427.49 रूट किलोमीटर
- त्रिपुरा: 269.45 रूट किलोमीटर
- मिजोरम: 52.88 रूट किलोमीटर
- अरुणाचल प्रदेश: 11.67 रूट किलोमीटर
- मेघालय: 9.58 रूट किलोमीटर
- नागालैंड: 6 रूट किलोमीटर
- मणिपुर: 1.35 रूट किलोमीटर
पिछले वर्षों में तेजी से हुआ काम
रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में विद्युतीकरण के काम में तेजी आई है। वर्ष 2023-24 में 915.62 रूट किलोमीटर और 2024-25 में 1,141.38 रूट किलोमीटर रेल लाइन का विद्युतीकरण किया गया। वहीं, 2025-26 में 445.66 रूट किलोमीटर और 2026-27 में अब तक 141.77 रूट किलोमीटर का काम पूरा हुआ है।
हाल ही में दो महत्वपूर्ण रेलखंडों का विद्युतीकरण भी पूरा किया गया। असम के लुमडिंग-बदरपुर सेक्शन को 14 सितंबर 2026 को विद्युतीकृत किया गया, जबकि मिजोरम के बैराबी-सैरांग सेक्शन में 12 अक्टूबर 2026 को यह काम पूरा हुआ।
ट्रेन संचालन होगा अधिक कुशल और पर्यावरण के अनुकूल
रेलवे के मुताबिक, विद्युतीकरण से डीजल पर निर्भरता कम करने, ऊर्जा की बचत और परिचालन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। इससे ट्रेनों का संचालन अधिक कुशल और भरोसेमंद बनाने की उम्मीद है। साथ ही, प्रदूषण कम करने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
NFR की नई रेल लाइन परियोजनाओं में भी विद्युतीकरण का काम साथ-साथ किया जा रहा है, ताकि नई लाइनें शुरू होने के समय से ही इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रणाली के तहत ट्रेनें चलाई जा सकें।
