रांची। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। बुधवार (18 नवंबर) की रात 8 बजे से राज्यभर में कर्मचारियों ने काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया है। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। इस हड़ताल से राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है।
तीन महीने से नहीं मिला वेतन
संघ के अनुसार, 108 एंबुलेंस सेवा में कार्यरत कर्मचारियों को अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। कर्मचारियों का आरोप है कि फरवरी 2025 से उनके वेतन में मनमाने तरीके से कटौती की जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
संघ ने वेतन भुगतान से जुड़े संदिग्ध दस्तावेजों की उच्चस्तरीय जांच कराने और अब तक काटी गई राशि वापस करने की मांग की है।
फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव देने का आरोप
एंबुलेंस कर्मचारियों ने सेवा संचालन में कई गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। संघ का कहना है कि खराब एंबुलेंस के नाम पर भी सरकारी राशि का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा कर्मचारियों पर फर्जी केस आईडी बनाने का दबाव बनाया जाता है।
कर्मचारियों का यह भी आरोप है कि एंबुलेंस खराब होने पर उसकी मरम्मत का खर्च कई बार उन्हें अपनी जेब से उठाना पड़ता है। संघ ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
छठ तक दिया गया था सरकार को समय
गौरतलब है कि 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पहले भी आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के साथ कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई थी।
वार्ता के बाद सरकार की ओर से छठ पूजा तक समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया गया था। इसके बाद संघ ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया था। कर्मचारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगस्त से अक्टूबर तक का वेतन भी बकाया है। इसी वजह से कर्मचारियों ने दोबारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया।
2 हजार कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से एंबुलेंस सेवा प्रभावित होने की आशंका
झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। सड़क दुर्घटना में घायल लोगों, गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में इन एंबुलेंस की अहम भूमिका होती है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस सेवा से करीब 2 हजार कर्मचारी जुड़े हैं, जिनमें चालक और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन शामिल हैं। ऐसे में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से राज्य में एंबुलेंस संचालन प्रभावित होने की आशंका है।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा है कि कर्मचारी अब केवल आश्वासन के भरोसे आंदोलन वापस नहीं लेंगे। जब तक बकाया वेतन का भुगतान और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समय पर वेतन भुगतान, मनमानी वेतन कटौती पर रोक, काटी गई राशि की वापसी, नौकरी की सुरक्षा, न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ, ईएसआईसी, अवकाश, जीवन बीमा और बोनस जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों की मांगों पर क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता यह है कि हड़ताल के दौरान आपात स्थिति में मरीजों को एंबुलेंस की सुविधा कैसे मिलेगी।
