-बाल पकड़कर खींचने और पिटाई का दावा, 10 हजार रुपये मांगने का भी लगाया आरोप; वार्डन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
आदिवासी एक्सप्रेस पतना, प्रतिनिधि।
पतना। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पतना की कक्षा 11वीं की एक छात्रा ने विद्यालय की वार्डन पर मामूली बात को लेकर मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने इस संबंध में साहिबगंज उपायुक्त को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। छात्रा ने वार्डन पर नामांकन के समय और अपनी बहन का टीसी लेने के दौरान 10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है।
बाल पकड़कर खींचने और पिटाई का आरोप
छात्रा द्वारा उपायुक्त को दी गई शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर को वह विद्यालय में मौजूद थी। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर वार्डन प्रिया सरिता हांसदा ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की। छात्रा का आरोप है कि वार्डन ने उसके बाल पकड़कर खींचे और उसकी पिटाई की। घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने की बात भी छात्रा ने शिकायत में कही है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
छात्रा के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता उसे इलाज के लिए कल्याण हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए छात्रा को बाहर रेफर किए जाने की बात कही गई है।
10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप
छात्रा ने अपनी शिकायत में वार्डन पर 10 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि नामांकन के समय तथा उसकी बहन का टीसी लेने के दौरान कथित रूप से उक्त राशि की मांग की गई थी। छात्रा ने बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से है और इतनी राशि देने में असमर्थ थी। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर उसे कथित तौर पर परेशान किया गया तथा कई बार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
छात्रा ने उपायुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की सत्यता की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत के बाद मामले की जांच होने पर ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वार्डन ने आरोपों से किया इनकार
इधर, मामले को लेकर विद्यालय की वार्डन प्रिया सरिता हांसदा ने छात्रा के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। वार्डन का कहना है कि उन्होंने छात्रा के साथ मारपीट नहीं की और न ही उससे किसी प्रकार के रुपये की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना के समय क्लास चल रही थी और छात्रा क्लास के दौरान कपड़े धो रही थी। इसी बात को लेकर उसे डांट-फटकार लगाई गई थी। मामले में छात्रा द्वारा लगाए गए आरोप और वार्डन के पक्ष सामने आने के बाद अब जांच के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
