रांची। झारखंड में पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय ने अहम बैठक बुलाई है। 9 सितंबर को दोपहर 3 बजे पुलिस महानिदेशक (DGP) की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक होगी। बैठक का संचालन रांची स्थित पुलिस मुख्यालय के सभागार से किया जाएगा।
बैठक में राज्य के सभी जोन के IG, रेंज के DIG और जिलों के SSP व SP को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है। इस दौरान अधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति, पुलिस कार्रवाई और लंबित मामलों की विस्तृत जानकारी ली जाएगी।
छात्र आंदोलन के दौरान कार्रवाई की होगी समीक्षा
हाल के दिनों में हुए छात्र आंदोलनों और प्रदर्शनों के दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई भी समीक्षा के प्रमुख एजेंडे में शामिल है। अधिकारियों से आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों, की गई कानूनी कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जाएगी।
QR स्कैनिंग सिस्टम पर भी होगी नजर
पुलिस की बीट व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लागू की गई QR स्कैनिंग प्रणाली की प्रगति की भी समीक्षा होगी। जिलों में इस व्यवस्था के क्रियान्वयन और बीट पुलिसिंग पर इसके प्रभाव को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी।
ACP-MACP के लंबित मामलों पर फोकस
बैठक में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से जुड़े ACP और MACP के लंबित मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। पुलिस मुख्यालय संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति और उनके निपटारे के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी लेगा।
मालखाना और प्रभार हस्तांतरण की भी समीक्षा
थानों में मालखाना के रखरखाव और उसकी मौजूदा स्थिति पर भी बैठक में चर्चा होगी। इसके अलावा प्रभार हस्तांतरण से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी। पुलिसकर्मियों के अंतिम वेतन प्रमाण-पत्र (Last Pay Certificate) से जुड़े लंबित मामलों को भी एजेंडे में शामिल किया गया है। अधिकारियों से ऐसे मामलों के जल्द निपटारे को लेकर प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।
PPT में पेश करना होगा जिले का रिपोर्ट कार्ड
समीक्षा बैठक से पहले पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है। IG, DIG, SSP और SP को अपने क्षेत्र या जिले की स्थिति, आंकड़ों और अब तक की प्रगति से संबंधित PPT तैयार करनी होगी। बैठक के दौरान अधिकारी इसी PPT के माध्यम से अपने जिले या क्षेत्र का अपडेट प्रस्तुत करेंगे।
