धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम ने ट्रेन संख्या 13051 के जनरल कोच से करीब 130 लीटर केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कुल अंकित कीमत करीब 38,160 रुपये बताई गई है।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देश पर आरपीएफ की स्पेशल टास्क टीम बुधवार को धनबाद स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 13051 प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची।
ट्रेन के पीछे वाले जनरल कोच की जांच के दौरान जवानों को छह बैग और दो थैले संदिग्ध हालत में पड़े मिले। आरपीएफ टीम ने कोच में मौजूद यात्रियों से सामान के मालिक के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग और थैलों पर अपना दावा नहीं किया।
इसके बाद आरपीएफ जवानों ने संदिग्ध सामान की तलाशी ली। जांच के दौरान बैग और थैलों से बड़ी मात्रा में केन बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ट्रेन के कम समय के ठहराव को देखते हुए सामान को प्लेटफॉर्म नंबर-3 के हावड़ा छोर पर उतारा गया, जहां गवाहों की मौजूदगी में इसकी जांच की गई।
तलाशी में करीब 130 लीटर शराब और बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल अंकित कीमत 38,160 रुपये आंकी गई है। खास बात यह रही कि बरामद शराब और बीयर के केन पर ‘फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली’ लिखा हुआ था।
आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। मामले में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार की ओर से लिखित शिकायत तैयार की गई है। अब जब्त शराब और बीयर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए धनबाद उत्पाद विभाग को सौंपा जाएगा।
