देवघर। पालाजोरी थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के ही एक नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया। वहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पालाजोरी पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसी क्रम में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले के नामजद प्राथमिकी अभियुक्त फरीद अंसारी (लगभग 26 वर्ष), पिता याकूब मियां, ग्राम-डुमरिया, पोस्ट-आसना, थाना-पालाजोरी, जिला-देवघर को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पालाजोरी थाना कांड संख्या 57/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
