-दो अलग-अलग जगहों पर हुए हादसे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
-एक हादसे में पति-पत्नी की मौत, दूसरे में दो बुजुर्ग महिलाओं ने गंवाई जान।
रिपोर्ट – प्रमोद कुमार सिंह
औरंगाबाद :- जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद दोनों जगहों पर चीख-पुकार मच गई। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहली घटना अंजनवा मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में सलैया थाना क्षेत्र के जोगड़ी गांव निवासी 50 वर्षीय प्रहलाद पाल और उनकी 45 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि उर्मिला देवी अंजनवा मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं। मंगलवार की सुबह प्रहलाद पाल अपनी पत्नी को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही दोनों अंजनवा मोड़ के समीप पहुंचे, गया की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में पति-पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जीटी रोड को करीब घंटे तक जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजा और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम होने से जीटी रोड के दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
जाम की सूचना पर पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, जिला पार्षद शंकर यादवेंदु, एसडीओ गौरव सिंह, अंचलाधिकारी अकबर हुसैन, प्रभारी बीडीओ दीपक कुमार, मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सलैया थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा समेत पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का भरोसा दिया। मृतक के परिजनों को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक दिया गया, जबकि आपदा राहत कोष से चार लाख रुपये की सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
वहीं दूसरी घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में हुई, जहां तेज रफ्तार कार ने घर के दरवाजे पर बैठी दो बुजुर्ग महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में बरती देवी और प्यारी कुंवर की मौत हो गई। मृतकों में पड़रिया गांव निवासी स्वर्गीय यमुना महतो की 62 वर्षीय पत्नी बरती देवी और तपसी महतो की 83 वर्षीय पत्नी प्यारी कुंवर शामिल हैं। बताया जाता है कि दोनों महिलाएं मंगलवार को अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और दोनों महिलाओं को अपनी चपेट में लेते हुए उनके ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से कार और उसके चालक को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने पर मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे मामले की जांच कर रही है।
एक ही दिन में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत से मदनपुर इलाके में शोक की लहर है। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के घर पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है।
मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दोनों सड़क हादसों के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
