Skip to main content

Birsa Times

जन सुराज के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव बरामद, ट्रेन से हुए थे लापता

जन सुराज के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव बरामद, ट्रेन से हुए थे लापता

रांची से पटना जाने के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस से रहस्यमय तरीके से हुए थे लापता, अनगड़ा-मुरी रेलखंड के पास जंगल में मिला शव
रांची। जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के रांची जिले में अनगड़ा-मुरी रेलखंड के पास जंगल से बरामद किया गया है। वह रांची से पटना जाने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के 2018 बैच के छात्र रहे थे। वह वर्तमान में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के रूप में कार्यरत थे।

जनशताब्दी एक्सप्रेस से पटना जा रहे थे देवपालिक

जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता सोमवार को अपने सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब 2:25 बजे जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर पटना के लिए रवाना हुए थे। इसी यात्रा के दौरान वह अचानक लापता हो गए। उनके लापता होने के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही थी।

मामले में मुरी जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की टीमें संयुक्त रूप से उनकी तलाश और मामले की जांच में जुटी थीं।

आईकार्ड से हुई शव की पहचान

रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शव बरामद होने की पुष्टि की है। उनके अनुसार, अनगड़ा-मुरी रेलखंड के पास शव मिला है। शव के पास से मिले फोटोयुक्त पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान देवपालिक गुप्ता के रूप में की गई।

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। देवपालिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

मौत की परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

देवपालिक गुप्ता के ट्रेन से लापता होने और बाद में रेलवे ट्रैक के पास शव मिलने से कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, उनकी मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *