Skip to main content

Birsa Times

कैंसर की दवाओं की नई कीमतों पर रांची में छापेमारी जैसी जांच, चार अस्पतालों की फार्मेसी खंगाली

कैंसर की दवाओं की नई कीमतों पर रांची में छापेमारी जैसी जांच, चार अस्पतालों की फार्मेसी खंगाली

रांची। कैंसर की दवाओं की नई कीमतें लागू होने के बावजूद मरीजों को इसका लाभ नहीं मिलने की शिकायतों पर गुरुवार को राजधानी रांची में जांच अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) की प्राइस मॉनिटरिंग एंड रिसोर्स यूनिट (पीएमआरयू) की तीन सदस्यीय टीम ने शहर की एक दवा दुकान और चार कैंसर अस्पतालों का निरीक्षण किया।

टीम ने नौ नवंबर के बाद कैंसर मरीजों को जारी किए गए दवाओं के बिलों की जांच की। इसके साथ ही अस्पतालों की फार्मेसी में उपलब्ध कैंसर की दवाओं के स्टॉक का मिलान एनपीपीए की ओर से निर्धारित नई कीमतों से किया गया। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना था कि मरीजों से दवाओं की निर्धारित कीमत ही ली जा रही है या उनसे अब भी पुरानी दरों के अनुसार पैसे वसूले जा रहे हैं।

दो संस्थानों में दो दिनों से मरीजों के नाम पर बिल जारी नहीं

जांच के दौरान टीम को जानकारी मिली कि एक दवा दुकान और एक कैंसर अस्पताल में पिछले दो दिनों से मरीजों के नाम पर कोई बिल जारी नहीं किया गया था। टीम ने संबंधित संस्थानों का निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है।

यह रिपोर्ट शुक्रवार को राज्य औषधि निदेशालय को सौंपी जाएगी। इसके बाद जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है। राज्य औषधि निदेशालय के निर्देश पर पीएमआरयू की टीम गठित कर यह अभियान चलाया गया था।

समाजसेवी की शिकायत पर सक्रिय हुआ औषधि निदेशालय

दरअसल, कैंसर की दवाओं की नई दरें लागू होने के बावजूद मरीजों को अपेक्षित राहत नहीं मिलने की शिकायत एनपीपीए और राज्य औषधि निदेशालय तक पहुंची थी। समाजसेवी ज्योति शर्मा ने दोनों विभागों को पत्र भेजकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

इसके अलावा रिम्स निदेशक से भी अमृत फार्मेसी में कैंसर की दवाओं की कीमतें कम नहीं किए जाने की शिकायत की गई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि नई कीमतें लागू होने के बावजूद मरीजों तक इसका लाभ नहीं पहुंच रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य औषधि निदेशालय ने पीएमआरयू की तीन सदस्यीय टीम से जांच कराई। अब टीम की रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि निरीक्षण के दौरान कहां और किस तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं तथा संबंधित दवा दुकानों और अस्पतालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *