Skip to main content

Birsa Times

झारखंड में आज से 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, तीन महीने का वेतन बकाया

झारखंड में आज से 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, तीन महीने का वेतन बकाया

रांची। झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारी बुधवार रात 8 बजे से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। एंबुलेंस संचालकों और कर्मियों ने वेतन कटौती, बकाया राशि का भुगतान नहीं होने, वेतन दस्तावेजों की जांच और कंपनी प्रबंधन की मनमानी समेत कई गंभीर मुद्दों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। हड़ताल से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली आपातकालीन सेवा प्रभावित होने की आशंका है।

500 एंबुलेंस चलाने की जिम्मेदारी, लेकिन सभी नहीं कर रहीं काम

एंबुलेंस संचालक संघ के अध्यक्ष नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि राज्य में करीब 500 एंबुलेंस संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन वर्तमान में लगभग 30 प्रतिशत एंबुलेंस ही सुचारू रूप से चल पा रही हैं। बाकी एंबुलेंस की स्थिति खराब है या वे विभिन्न कारणों से सेवा में उपलब्ध नहीं हैं।

वेतन कटौती और बकाया भुगतान को लेकर नाराजगी

कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में कटौती की जा रही है, जबकि बकाया राशि का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। इसके अलावा वेतन से संबंधित दस्तावेजों की जांच, कर्मचारियों पर कार्रवाई, निजी स्तर पर राशि खर्च कर गाड़ियों की मरम्मत कराने और अन्य समस्याओं का समाधान नहीं होने से कर्मियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

रांची में हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तैयार

हड़ताल को सफल बनाने और आगे की रणनीति तय करने के लिए रांची स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में राज्य के विभिन्न जिलों से आए जिला अध्यक्षों और सचिवों की बैठक हुई। बैठक में आंदोलन की रूपरेखा पर चर्चा की गई और कर्मचारियों से एकजुट होकर हड़ताल में शामिल होने की अपील की गई।

कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। यदि हड़ताल शुरू होती है, तो राज्य में आपातकालीन एंबुलेंस सेवा प्रभावित हो सकती है, जिससे गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *