Skip to main content

Birsa Times

गावां के जंगलों में धड़ल्ले से चल रहीं अवैध महुआ शराब की भट्ठियां, ईंधन के लिए काटे जा रहे सखुआ के पेड़

गावां के जंगलों में धड़ल्ले से चल रहीं अवैध महुआ शराब की भट्ठियां, ईंधन के लिए काटे जा रहे सखुआ के पेड़

जंगलों में तैयार हो रही शराब बिहार के नवादा और जमुई तक पहुंचाने का दावा, बाइक से खेप लेने पहुंचते हैं तस्कर; रेंजर और उत्पाद विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा
गावां।
गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड के जंगली इलाकों में अवैध महुआ शराब का कारोबार एक बार फिर बड़े पैमाने पर संचालित होने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि जंगलों के बीच भट्ठियां लगाकर शराब तैयार की जा रही है और उसे चोरी-छिपे बिहार के विभिन्न इलाकों में भेजा जा रहा है। इस अवैध कारोबार के कारण जहां सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं जंगलों से सखुआ के पेड़ों की कटाई से वन संपदा पर भी खतरा बढ़ रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शराब माफिया जंगलों से मोटे-मोटे सखुआ के पेड़ काटकर भट्ठियों में ईंधन के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। तैयार महुआ शराब को प्लास्टिक के डबल लेयर वाले पाउच में भरकर बोरों में पैक किया जाता है। इसके बाद जंगल के रास्ते बिहार की सीमा तक पहुंचाया जाता है। दावा है कि बिहार के नवादा और जमुई जिले के तस्कर बाइक से जंगलों में पहुंचकर शराब की खेप लेते हैं और उसे वहां ऊंचे दामों पर बेचते हैं।

बिहार में शराबबंदी का फायदा उठा रहे तस्कर

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। ऐसे में वहां शराब की मांग को देखते हुए झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब का कारोबार फलने-फूलने की बात कही जा रही है। आरोप है कि गावां और तिसरी प्रखंड के जंगलों में भट्ठियां लगाकर महुआ शराब तैयार की जाती है। इसके बाद उसे गैलन, जार और बोरों में भरकर बिहार भेज दिया जाता है।

स्थानीय लोगों ने इस अवैध कारोबार में पुलिस, वन विभाग और उत्पाद विभाग के कुछ कर्मियों की कथित मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जंगलों में लंबे समय से संचालित बताई जा रही भट्ठियों पर संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं कर पा रहे हैं।

इन इलाकों में भट्ठियां संचालित होने की चर्चा

जानकारी के अनुसार, गावां प्रखंड के बरमसिया, राजोखार और ओड़पोडो में घरों के भीतर अवैध महुआ शराब बनाने की भट्ठियां संचालित होने की बात सामने आई है। वहीं दूधपनियां, सलैयाटांड़, कुरहा और डूमरझारा के घने जंगलों में भी भट्ठियां लगाकर बड़े पैमाने पर शराब तैयार किए जाने का दावा किया जा रहा है।

शराब उत्पादन के लिए सखुआ के पेड़ों की कटाई किए जाने से जंगलों को नुकसान पहुंच रहा है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र की वन संपदा पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है।

रेंजर और उत्पाद विभाग ने कार्रवाई का दिया भरोसा

इस मामले में गावां के रेंजर अनिल कुमार ने कहा कि उन्हें भी अवैध महुआ शराब की भट्ठियां संचालित होने की जानकारी मिली है। इसके खिलाफ बहुत जल्द बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, गिरिडीह के उत्पाद अवर निरीक्षक रविरंजन ने कहा कि विभाग की ओर से समय-समय पर छापेमारी की जाती है। जंगलों में भट्ठियों का सटीक लोकेशन पता करने में परेशानी होती है। इसके बावजूद जल्द ही छापेमारी कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि वन विभाग, उत्पाद विभाग और पुलिस प्रशासन अवैध शराब के इस कारोबार पर अंकुश लगाने और जंगलों की कटाई रोकने के लिए कब तक प्रभावी कार्रवाई करता है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *