Skip to main content

Birsa Times

जरमुंडी में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध धंधे का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार

जरमुंडी में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध धंधे का भंडाफोड़, युवक गिरफ्तार

-आदिवासी एक्सप्रेस
दुमका।
जरमुंडी थाना क्षेत्र के बोगली हटिया स्थित बजरंगबली मंदिर के पास एक झोपड़ी से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन करने के मामले में एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली थी कि मंदिर के बगल में स्थित एक झोपड़ीनुमा कमरे में एक युवक बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ का कारोबार कर रहा है। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक सुखरांव उरांव, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, आरक्षी रमेश बास्की और अनिल पांडेय शामिल थे।

पुलिस दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर दबिश दी और मौके से हंसडीहा थाना क्षेत्र के धावाटांड निवासी 20 वर्षीय प्रियांशु कुमार (पिता नेपाल राणा) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सिगरेट के डिब्बे में रखी 23 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एल्युमिनियम फॉयल (किचन किंग ब्रांड), पीले रंग के प्लास्टिक हैंडल वाला एक चाकू और एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद सभी सामानों को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जरमुंडी थाना में कांड संख्या 54/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *