Skip to main content

Birsa Times

रिसौड़ के पास भीषण सड़क हादसा, 16 चक्का भारी वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

रिसौड़ के पास भीषण सड़क हादसा, 16 चक्का भारी वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

-बेलडांगा से घर लौट रहे 60 वर्षीय वीरेंद्र नाथ पांडेय ने घटनास्थल पर तोड़ा दम, ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा फरार हो रहा वाहन
आदिवासी एक्सप्रेस बरहरवा, प्रतिनिधि

बरहड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा-फरक्का मुख्य मार्ग पर रिसौड़ के समीप रविवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। विपरीत दिशा से आ रहे 16 चक्का भारी वाहन की चपेट में आने से वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास करने लगा, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से उसे सिरासिन के पास पकड़ लिया गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान बरहरवा नगर के रतनपुर निवासी 60 वर्षीय वीरेंद्र नाथ पांडेय, पिता महावीर पांडेय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र नाथ पांडेय रविवार की शाम बेलडांगा से अपने घर रतनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बरहरवा-फरक्का मुख्य मार्ग पर रिसौड़ के समीप विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे 16 चक्का भारी वाहन (संख्या यूपी 44 एटी 3199) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र नाथ पांडेय को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद फरार होने लगा चालक, ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा
घटना के बाद भारी वाहन का चालक मौके पर रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार होने लगा। यह देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और सिरासिन के पास उसे रोककर पकड़ लिया। ग्रामीणों की इस सक्रियता के कारण हादसे में शामिल वाहन को पुलिस के हवाले करने का रास्ता साफ हुआ। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना के एएसआई पंकज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस की ओर से हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है। साथ ही दुर्घटना में शामिल भारी वाहन, चालक की भूमिका और हादसे से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरहरवा-फरक्का मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना से रतन
पुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *