-एस आई टी की कार्रवाई में 70 हजार रुपये नकद और थार वाहन बरामद, दो आरोपियों की तलाश जारी
-आदिवासी एक्सप्रेस / संतोष कुमार दास
चतरा: विगत सात सितंबर को चतरा से गया चलने वाली स्टार फिश नामक यात्री बस को रोककर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नार्कोटिक्स का अधिकारी बन 31.90 लाख रुपये लूटने के मामले का चतरा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी अनिमेश नैथानी के निर्देश पर गठित वशिष्ठनगर थाना पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूट का 70 हजार रुपये नकद और लूट में इस्तेमाल काली थार भी जप्त की है। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कांन्फ्रेंस में बताया कि घटना के बाद पीड़ित के शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए एसपी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झारखंड और बिहार के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा हैं। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपियों ने खुद को नारकोटिक्स विभाग का अधिकारी व कर्मचारी बताकर स्टार फिश बस को जोरी टोल प्लाजा से पहले रोक लिया था। इसके बाद उनके द्वारा लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। डीएसपी मुख्यालय नें बताया कि बस में लगे सीसीटीवी कैमरे में लूट कि पुरी घटना कैद हुई थी, सीसीटीवी फुटेज नें ही जांच में पुलिस को अहम सुराग दिए थे। गिरफ्तार आरोपियों में रंगु कुमार, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार यादव, अविनाश कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ रंगा शामिल हैं। डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपी गया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और हजारीबाग जिले के रहने वाले हैं। चार थानों कि पुलिस दो राज्यों में चला रही थी अभियान, पुलिस लूट की रकम की बरामदगी और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधकर्मियों के गिरफ्तारी को लेकर अभियान लगातार चला रही है। कार्रवाई में जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, हंटरगंज थाना के एसआई शिवा यादव, टेक्निकल सेल की टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
चतरा में नार्कोटिक्स विभाग का अधिकारी बनकर 31.90 लाख की लूट अंजाम देने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार
