Skip to main content

Birsa Times

कैप्टन स्मित मच्छर को वीरता पुरस्कार देने की मांग, FIP ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी

कैप्टन स्मित मच्छर को वीरता पुरस्कार देने की मांग, FIP ने PM मोदी को लिखी चिट्ठी

नई दिल्ली: फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 के पायलट-इन-कमांड कैप्टन स्मित मच्छर को राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार या उपयुक्त नागरिक सम्मान देने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनके साहस, नेतृत्व और कर्तव्य के प्रति समर्पण को सम्मानित करने की अपील की है।

FIP के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान विमान में गंभीर घटना हुई। संगठन के पत्र में दावा किया गया है कि कॉकपिट में कथित हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में बनाए रखा और मुश्किल परिस्थितियों में जरूरी फैसले लिए।

घायल होने के बावजूद विमान को सुरक्षित उतारा

FIP के अनुसार, घटना के बाद कैप्टन स्मित ने विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा और वहां उसे सुरक्षित उतारा। संगठन का कहना है कि इस दौरान विमान में सवार 174 यात्रियों और आठ क्रू सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

पत्र में बताया गया है कि कथित हमले में फर्स्ट ऑफिसर ने कैप्टन स्मित पर क्रैश एक्स (कुल्हाड़ी) से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने पायलट-इन-कमांड के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई और विमान पर नियंत्रण बनाए रखा।

FIP ने बताया असाधारण परिस्थिति

फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स ने कहा कि पायलटों को तकनीकी खराबी, खराब मौसम, मेडिकल इमरजेंसी और अन्य ऑपरेशनल चुनौतियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाता है। हालांकि, फ्लाइट डेक के भीतर पायलट-इन-कमांड पर हमला एक अलग तरह का गंभीर खतरा है।

FIP के मुताबिक, ऐसी परिस्थिति में कैप्टन स्मित का शांत रहना, कमान संभालना और अपनी चोट के बावजूद यात्रियों एवं क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देना उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है।

2022 तक इंडियन पायलट ग्रुप के सदस्य रहे स्मित

FIP ने प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजे पत्र में कैप्टन स्मित के भारतीय पायलट समुदाय से जुड़ाव का भी उल्लेख किया है। संगठन के अनुसार, वह 2022 तक इंडियन पायलट ग्रुप के सदस्य रहे थे। हालांकि वर्तमान में वह संगठन के सदस्य नहीं हैं, FIP ने उन्हें पेशेवर पायलटों के व्यापक समुदाय का हिस्सा बताया है।

जांच और सम्मान पर विचार करने की अपील

FIP ने प्रधानमंत्री से अपील की है कि संबंधित सरकारी संस्था या एजेंसी को घटना की परिस्थितियों की जांच और उपलब्ध तथ्यों के सत्यापन का निर्देश दिया जाए। साथ ही, लागू सरकारी नियमों के तहत कैप्टन स्मित मच्छर को उचित राष्ट्रीय सम्मान दिए जाने पर विचार करने की मांग की गई है।

फेडरेशन का कहना है कि कैप्टन स्मित के कार्यों को सार्वजनिक रूप से मान्यता मिलने से न केवल उनके साहस का सम्मान होगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय विमानन समुदाय में पेशेवर जिम्मेदारी, नेतृत्व और यात्रियों की सुरक्षा के महत्व का संदेश भी मजबूत होगा।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *