Skip to main content

Birsa Times

हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सदस्य के बीच मुठभेड़, अंशु दुबे के पैर में लगी गोली

हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सदस्य के बीच मुठभेड़, अंशु दुबे के पैर में लगी गोली

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। उरीमारी थाना क्षेत्र के कर्मा टिल्हा जंगल में गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ में राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे के पैर में गोली लगी है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अंशु दुबे ने अपना अपराध स्वीकार किया था। उसने बताया था कि जिस हथियार से उसने फायरिंग की थी, उसे कर्मा टिल्हा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा है। आरोपी ने जंगल में एक पर्चा छिपाकर रखने की जानकारी भी पुलिस को दी थी।

हथियार बरामद करने पहुंची थी पुलिस टीम

आरोपी की निशानदेही पर उरीमारी थाना के अधिकारियों और जवानों की टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए कर्मा टिल्हा जंगल लेकर पहुंची थी। इसी दौरान जंगल में पहुंचते ही अंशु दुबे ने अचानक छिपाकर रखे गए हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि, इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के लिए जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान अंशु दुबे के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।

हथियार और पर्चा बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से वह हथियार बरामद कर लिया, जिससे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। इसके अलावा जंगल में छिपाकर रखा गया पर्चा भी जब्त किया गया है। पुलिस पर्चे की जांच कर रही है कि उसका संबंध किस घटना से है और उसमें क्या लिखा हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, अंशु दुबे राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य है। क्षेत्र में हुई कई आपराधिक घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से गिरोह से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना को सूचित करने की अपील की है।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *