रांची। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 20 और 21 नवंबर को राज्य के मध्यवर्ती, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, यदि चक्रवात की तीव्रता और दिशा में बदलाव नहीं हुआ, तो राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके प्रभाव से आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह-शाम ठंड का एहसास बढ़ेगा।
रांची समेत कई जिलों में गिरेगा तापमान
मौसम में बदलाव का असर राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में भी देखने को मिल सकता है। बुधवार को रांची का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बूंदाबांदी के बाद यह गिरकर 11.3 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इसी तरह बोकारो में तापमान 15.1 डिग्री से गिरकर 12.2 डिग्री और चाईबासा में 16 डिग्री से गिरकर 13.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
पिछले 24 घंटे में चाईबासा सबसे गर्म, लातेहार सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे के मौसम रिकॉर्ड के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आंशिक बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को मौसम में बदलाव का एहसास होने लगा है। चक्रवात के प्रभाव से आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
