Skip to main content

Birsa Times

जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र की छत का मलबा गिरा, बाल-बाल बचे बच्चे

जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र की छत का मलबा गिरा, बाल-बाल बचे बच्चे

कोमर गांव में टला बड़ा हादसा, जिप उपाध्यक्ष ने प्रशासन से भवन की तत्काल मरम्मत की मांग की

आदिवासी एक्सप्रेस/राम कुमार
बालूमाथ। बालूमाथ प्रखंड की झाबर पंचायत के कोमर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। गनीमत रही कि घटना के वक्त कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद केंद्र की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।

मामले की जानकारी मिलते ही सक्रिय हुईं जिप उपाध्यक्ष

जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से आंगनबाड़ी केंद्र के भवन की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है।

उन्होंने दूरभाष के माध्यम से लातेहार के जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और बालूमाथ के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी सीडीपीओ सोमा उरांव को घटना की जानकारी दी। साथ ही जिला मुख्यालय को तत्काल प्रतिवेदन भेजकर भवन की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

जर्जर भवन से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

अनीता देवी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र की खराब स्थिति बच्चों, गर्भवती महिलाओं, सेविका और सहायिका की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।

प्रमुख बिंदु :

  • जर्जर छत का मलबा गिरने से टला बड़ा हादसा।
  • घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं।
  • भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग।
  • बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता।
  • प्रशासन से जल्द वैकल्पिक या सुरक्षित व्यवस्था करने का आग्रह।

सेवाओं के संचालन में भी परेशानी

जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि जब तक भवन पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की पढ़ाई, पोषाहार वितरण, टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच जैसी जरूरी सेवाओं का सुचारु संचालन मुश्किल है। जर्जर भवन को लेकर ग्रामीणों में भी भय का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भविष्य में बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए प्रशासन को मामले में बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

अनीता देवी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रही हैं और आंगनबाड़ी केंद्र की जल्द मरम्मत कराकर बच्चों एवं महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास करेंगी।

administrator

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *